एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस पर संगीत का शोर, जनता के सवाल खामोश! यूफोरिया के नाम पर ऐसा उत्सव, जिसका सुर जनता की समझ से बाहर रहा

Spread the love

बैम्बू पोस्ट 25 नवम्बर 2026, बिलासपुर।
एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस पर आयोजित गीत-संगीत का कार्यक्रम निश्चित रूप से यादगार रहा होगा, लेकिन किसके लिए और किस अर्थ में, यह एक अलग विमर्श का विषय है। कार्यक्रम में ‘यूफोरिया’ के नाम से प्रस्तुत संगीत ने शुरुआत में ही यह एहसास करा दिया कि आयोजन का उद्देश्य शायद मनोरंजन से अधिक अपनी अलग पहचान प्रदर्शित करना था। गीतों की भाषा और प्रस्तुति ऐसी रही कि आम श्रोता उसके भाव, बोल और संगीत के साथ जुड़ने के बजाय धीरे-धीरे ऊब का शिकार होते दिखाई दिए।
संगीत का अपना एक संसार होता है। भाषा की सीमाएँ भी संगीत तोड़ता है, लेकिन इसका अर्थ यह तो नहीं कि श्रोताओं की समझ और उनकी रुचि को ही आयोजन से बाहर कर दिया जाए। आखिर स्थापना दिवस किसका था? उन कर्मचारियों का, जिनके श्रम से संस्थान खड़ा है, उन मजदूरों का, जिनके खून-पसीने से कोयले की दुनिया चलती है, या फिर ऐसे आयोजनों का, जिनमें आम आदमी केवल दर्शक बनकर रह जाए?
एसईसीएल की स्थापना के 42 वर्ष पूरे होना कोई मामूली उपलब्धि नहीं है। यह उन हजारों श्रमिकों के परिश्रम, त्याग और पसीने की कहानी है, जिन्होंने धरती का सीना चीरकर देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया। ऐसे अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन स्वागतयोग्य है, लेकिन सवाल यह है कि कार्यक्रम की कल्पना और खर्च के निर्धारण में आम कर्मचारियों तथा जनता की भावनाओं को कितनी जगह मिली?
जनता की खून-पसीने की कमाई को इस तरह खर्च किया जा सकता है, यह कल्पना भी सामान्य आदमी के लिए कठिन है। आखिर सार्वजनिक संस्थानों के आयोजनों में जवाबदेही का कोई अर्थ भी है या नहीं? क्या भव्य मंच, चमकती रोशनियाँ और तेज संगीत ही किसी स्थापना दिवस की सफलता का प्रमाण बन गए हैं?
विडंबना देखिए, जिन मजदूरों के श्रम से संस्थान की पहचान बनी, उन्हीं की रुचि और सांस्कृतिक संवेदना कार्यक्रम में कितनी प्रतिबिंबित हुई, यह विचारणीय है।
स्थापना दिवस उत्सव मनाने का अवसर जरूर है, लेकिन उत्सव के नाम पर खर्च की सार्थकता पर सवाल उठाना भी नागरिक अधिकार है। क्योंकि जनता की कमाई कोई ऐसी खुली तिजोरी नहीं, जिसे मनोरंजन के नाम पर जब चाहें खोल दिया जाए।
आखिर सवाल संगीत का नहीं, सार्वजनिक धन के सुर-ताल और जवाबदेही का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *