‘का जादू डारे गोरी रे’ से छत्तीसगढ़ी संगीत जगत में नई दस्तक

Spread the love


बैम्बू पोस्ट 23 नवम्बर 2026,बिलासपुर।
फेमिना मिस इंडिया ईस्ट डॉ. अनुष्का सोन और राज चंद्राकर पहली बार म्यूजिक वीडियो में आएंगे नजर
छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ की माटी, लोकसंस्कृति और मातृभाषा के प्रति प्रेम को अभिव्यक्त करता छत्तीसगढ़ी म्यूजिक वीडियो ‘का जादू डारे गोरी रे’ जल्द ही दर्शकों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाने जा रहा है। इस गीत के माध्यम से फेमिना मिस इंडिया ईस्ट डॉ. अनुष्का सोन और राज चंद्राकर संगीत एवं अभिनय की दुनिया में अपनी नई शुरुआत कर रहे हैं। दोनों कलाकार पहली बार किसी म्यूजिक वीडियो में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।
डॉ. अनुष्का सोन लंबे समय से अपने अभिनय करियर की शुरुआत छत्तीसगढ़ की धरती से करना चाहती थीं। उन्होंने विभिन्न मीडिया साक्षात्कारों में भी अपनी इस इच्छा को व्यक्त किया था। अब छत्तीसगढ़ी गीत ‘का जादू डारे गोरी रे’ के माध्यम से उनका यह सपना साकार हो रहा है। अपनी मातृभाषा के गीत से अभिनय की शुरुआत करना उनके लिए छत्तीसगढ़ की मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं के प्रति प्रेम एवं सम्मान का प्रतीक है।
इस गीत को लोकप्रिय गायक आचार्य साहू और अनीता मंडल ने अपनी मधुर आवाज दी है। दोनों गायक अपने चर्चित गीत ‘मया मया होगे’ के लिए भी पहचाने जाते हैं।
म्यूजिक वीडियो का निर्देशन सुमीत बसईवाला ने किया है। गीत की रिकॉर्डिंग एवं संगीत निर्माण ‘मां तारा रिकॉर्ड्स छत्तीसगढ़ी’ के बैनर तले किया गया है। इसके निर्माता अनंत कुमार हैं।
‘का जादू डारे गोरी रे’ महज एक संगीत वीडियो नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ी भाषा, लोकसंस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को व्यापक मंच प्रदान करने की एक सार्थक पहल है। इस प्रस्तुति के जरिए कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और अपनी माटी के प्रति अनुराग को संगीत के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *