खामोश हो गए रावत नाच महोत्सव के सूत्रधार डॉ.कालीचरण यादव, आयोजन रद्द न करें क्योंकि वे खुद चाहते थे ये परंपरा न टूटे..

Spread the love

बैम्बू पोस्ट 23 नवम्बर 2026 बिलासपुर।
सोमवार को सप्ताह की शुरुआत का पहला दिन माना जाता है. रविवार की छुट्‌टी के बाद सोमवार आने पर जैसे नई ऊर्जा का संचार हो जाता है,लेकिन सोमवार(23 नवंबर 2026) के बारे में ऐसा नहीं रहा.खासकर छत्तीसगढ़ी संस्कृति,लोककला और अपनी माटी के प्रति बहुत प्रेम करने और जुड़े हुए लोगों के लिए.हुआ ये कि सोमवार की सुबह शहर के वाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर एक मनहूस खबर दौड़ने लगी.राउतनाचा महोत्सव वाले डॉ.कालीचरण यादव नहीं रहे.
यह सुनकर संस्कारधानी बिलासपुर की फिजाओं में अजीब सी खामोशी छा गई. जिस व्यक्ति ने शहर को अपनी लोकसंस्कृति पर गर्व करना सिखाया, आज उसी शहर की आंखें नम हो गई.
प्रख्यात शिक्षाविद्, समाजसेवी और बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान बन चुके ‘रावत नाच महोत्सव’ के शिल्पकार डॉ. यादव के बारे में जिसने भी सुना, उसका जीवन जैसे कुछ देर के लिए ठहर गया. हाल ही में उनके अस्वस्थ होने की खबर ने थोड़ी चिंता तो बढ़ा दी थी,लेकिन लग रहा था कि वे इसी माह शनिचरी बाजार में होने जा रहे प्रसिद्ध रावत नाच महोत्सव में एक बार फिर सेनापति के तौर पर नजर आएंगे,पर ऐसा नहीं हो सका.नियति को कुछ और ही मंजूर था.
पेशे से आदर्श शिक्षक रहे डॉ. यादव ने लाल बहादुर शास्त्री स्कूल की कक्षाओं से अनगिनत जिंदगियों को संवारा. लेकिन उनका असली तप यादव समाज की बिखरी हुई लोकपरंपरा को एक सूत्र में पिरोना था. करीब पांच दशक पहले, जब राउत नाचा के दल आपसी विवादों और प्रतिस्पर्धा में उलझे रहते थे, तब डॉ. यादव ने उन्हें अनुशासन और गौरव का एक साझा मंच दिया. तत्कालीन मंत्री बीआर यादव की भूमिका भी बड़ी महत्वपूर्ण रही,लेकिन यदि डॉ.यादव न होते तो शायद रावत नाच का भव्य स्वरूप नहीं होता. उनकी चार दशकों की अखंड साधना का ही परिणाम है कि बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के मैदान से उठी दोहों और गड़वा बाजे की गूंज देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंची.
महाभारत में जैसे विदूर थे, वैसे ही नीतिवान डॉ.यादव का चले जाना इस शहर के लिए ही नहीं सांस्कृतिक समाज के लिए बड़ी क्षति है. विडंबना ये कि इस साल राउत नाचा महोत्सव अपने 49वें पड़ाव पर है…उनके जाने के बाद कार्यक्रम स्थगित किए जाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई. कार्यक्रम हुआ तो पहली बार मंच के कोने में मार्गदर्शक चेहरा नजर नहीं आएगा, जिसने इसकी नींव रखी थी.
मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि रावत नाच महोत्सव होना चाहिए. यहीं डॉ.कालीचरण यादव को सच्ची श्रद्धांजलि होगी. क्योंकि डॉ. यादव का जीवन भर का प्रयास रहा कि राउत नाचा केवल एक रस्म या आयोजन न रहे, बल्कि अनुशासन, समाज की एकता और बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान का जीवंत उत्सव बने. आयोजन का होना इस बात का प्रमाण होगा कि उनका प्रयास व्यर्थ नहीं गया और उनकी साधना आगे बढ़ रही है.
आयोजन को रद्द करने के बजाय यदि इसे सादगी, भावुकता और सम्मान के साथ आयोजित किया जाए, तो शुरुआत में ही डॉ. कालीचरण यादव को समर्पित एक विशेष श्रद्धांजलि सत्र रखा जा सकता है, जहां उनके योगदान और संघर्षों को याद किया जाए. और भी अच्छा होगा जब इनके नाम पर किसी पुरस्कार की घोषणा की जाए.
“जब-जब बिलासपुर में रावत नाच में घुंघरू बजेंगे और गड़वा बाजा की थाप गूंजेगी, आप याद आएंगे. सादर नमन…
©Sunil Prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *