

देवरीखुर्द में फर्जी रिवेन्यू इंस्पेक्टर बनकर घर में घुसा संदिग्ध, वार्ड 42 में फैली दहशत
बैम्बू पोस्ट 8 मार्च 2026 बिलासपुर छत्तीसगढ़ ।
बिलासपुर शहर के देवरीखुर्द वार्ड नंबर 42 स्थित सतबहनिया मंदिर के पास जंगल बुक कार्यालय परिसर में एक सनसनीखेज और चिंताजनक घटना सामने आई है। एक अज्ञात व्यक्ति खुद को रिवेन्यू इंस्पेक्टर बताकर अपने साथी के साथ एक घर के अंदर घुस गया, जिससे पूरे इलाके में डर और बेचैनी का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह संदिग्ध व्यक्ति पिछले कई महीनों से इलाके में खाली पड़ी जमीनों और घरों की चुपचाप रेकी कर रहा था। मौका मिलते ही वह अपने एक साथी के साथ अचानक एक घर के अंदर घुस गया और सीधे ड्राइंग रूम में जाकर सोफे पर बैठ गया।
घर में मौजूद करीब 55 वर्षीय बीमार सुब्बू इस अचानक हुई घटना से घबरा गए। आरोप है कि उस व्यक्ति ने खुद को रिवेन्यू इंस्पेक्टर बताते हुए घर के मालिक से सेल डीड और खसरा नंबर की जानकारी मांगनी शुरू कर दी।
सुब्बू को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने तुरंत अपने बड़े भाई को फोन कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनका बड़ा भाई मौके पर पहुंचा और संदिग्ध व्यक्ति से कड़ी पूछताछ करने लगा।
पूछताछ के दौरान कथित रिवेन्यू इंस्पेक्टर और उसका साथी घबरा गए और तरह-तरह के बहाने बनाने लगे। बाद में उन्होंने देवरीखुर्द वार्ड नंबर 42 के एक स्थानीय व्यक्ति को बुलाकर सफाई दी कि वे गुम हुई जमीन के टुकड़े की तलाश कर रहे थे और गलती से घर के अंदर आ गए।
हालांकि उनकी यह दलील स्थानीय लोगों को संतोषजनक नहीं लगी। स्थिति बिगड़ती देख दोनों व्यक्तियों ने भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कही और चुपचाप वहां से निकल गए।
इस घटना के बाद पूरे वार्ड नंबर 42 में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोगों को आशंका है कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में किसी बड़ी आपराधिक वारदात का रूप भी ले सकती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग करेंगे कि मामले की गंभीर जांच कराई जाए और इलाके में निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह के संदिग्ध लोगों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अब सवाल यह है कि क्या वास्तव में वह व्यक्ति रिवेन्यू विभाग का कर्मचारी था या फिर किसी बड़ी साजिश के तहत इलाके की रेकी कर रहा था? यह जांच का विषय बन गया है।
