बिलासपुर में होगा सीनियर राज्य स्तरीय और वेस्ट जोन बैडमिंटन का महाकुंभ, तैयारियां शुरू

Spread the love

बैम्बू पोस्ट 11 नवम्बर 2026 बिलासपुर। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में बिलासपुर एक बार फिर बड़े बैडमिंटन आयोजनों की मेजबानी करेगा। छत्तीसगढ़ राज्य बैडमिंटन संघ ने वर्ष 2026 की सीनियर राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता तथा वेस्ट जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के आयोजन की जिम्मेदारी जिला बैडमिंटन संघ, बिलासपुर को सौंपी है। दोनों प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 25 से 29 अगस्त तक आयोजित होने वाली सीनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के लगभग 200 खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं वेस्ट जोन बैडमिंटन-2026 में गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और मेजबान छत्तीसगढ़ की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में करीब 90 खिलाड़ी तथा कोच, मैनेजर, रेफरी और अंपायर सहित लगभग 150 सदस्य शामिल होंगे। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुके खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर रेड डायमंड स्पोर्ट्स एकेडमी में जिला बैडमिंटन संघ की प्रारंभिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता स्थल, कोर्ट व्यवस्था, प्रायोजक, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, पेयजल, परिवहन, रेफरी की उपलब्धता, अतिथि स्वागत तथा खिलाड़ियों की सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अरविंद गोयल, सचिव श्री चंद्राकर, उपाध्यक्ष एवं रेड डायमंड स्पोर्ट्स एकेडमी के संचालक मनीष उभरानी, लक्ष्मी स्पोर्ट्स के संचालक सौरभ राय, मुख्य फील्ड सहयोगी कमल राय, छत्तीसगढ़ के मुख्य रेफरी प्रताप भट्टाचार्य, वरिष्ठ सलाहकार एवं कोच गुरदीप सिंह, हेम पांडे, महिला कोच भारती दुबे, चम्पा मजूमदार, दिव्य सिंह तथा मीडिया सहयोगी जावेद अली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की सहमति व्यक्त की।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि सीनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन 25 एवं 26 जुलाई को आयोजित चयन प्रतियोगिता के माध्यम से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *