विश्व जनसंख्या दिवस: जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारंभ, 18 जुलाई तक मिलेंगी निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाएं

Spread the love

बैम्बू पोस्ट 11जुलाई 2026 बिलासपुर।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौती को देखते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बेहतर पोषण तथा परिवार की आर्थिक और सामाजिक उन्नति के लिए परिवार नियोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और स्वस्थ परिवार के निर्माण में जनसामान्य की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जानकारी दी कि 11 से 18 जुलाई तक जिले के जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी स्वास्थ्य केंद्र तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन संबंधी परामर्श के साथ अस्थायी एवं स्थायी परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
पात्र हितग्राहियों को अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली, माला-एन, कंडोम, कॉपर-टी तथा पुरुष एवं महिला नसबंदी जैसी सेवाएं निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम घर-घर जाकर पात्र दंपत्तियों को इन सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से छोटे एवं सुखी परिवार की अवधारणा अपनाने, विवाह की उचित आयु का पालन करने, प्रथम गर्भधारण में कम से कम दो वर्ष का अंतर रखने तथा दो बच्चों के बीच न्यूनतम तीन वर्ष का अंतर बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने सभी पात्र दंपत्तियों से निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्थान में पहुंचकर निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *