बैम्बू पोस्ट 2 दिसंबर 2025, बिलासपुर।
रसोई समाचार व्यंग्यात्मक विशेष रिपोर्ट
रसोई ज्योतिष विभाग द्वारा कराए गए ऐतिहासिक कुंडली मिलान में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सदियों से एक-दूसरे के पूरक माने जाने वाले आलू और चिकन की जोड़ी को कुल 36 में से महज़ 6 गुण ही प्राप्त हुए हैं। इस रिपोर्ट के सामने आते ही देशभर के ढाबों, होटलों और घरेलू रसोईघरों में अफरातफरी का माहौल बन गया है।
ज्योतिषाचार्य पतीला शिरोमणि ने बताया,
“आलू की कर्क राशि और चिकन की अग्निकुंडली में तीखा मंगल दोष पाया गया है। दोनों के स्वाद मिलते तो हैं, पर ग्रह नक्षत्र एक-दूसरे से संघर्ष कर रहे हैं।”
बावर्चियों की चिंता बढ़ी
——————————–
प्रसिद्ध ढाबावाला श्री तड़का लाल ने चिंता जताते हुए कहा,
“अगर कुंडली सही है तो हमारी ‘आलू चिकन करी स्पेशल’ का भविष्य अंधकारमय है! ग्राहक अब गुण-मिलान पूछकर ऑर्डर दे रहे हैं।”
होटल उद्योग पर असर
——————————-
पांच सितारा होटलों में अब मेन्यू कार्ड के नीचे नया डिस्क्लेमर जोड़ा जा रहा है —
“यह व्यंजन ज्योतिषीय मिलान पर आधारित नहीं है।”
उपाय भी बताए गए
—————————
ज्योतिषियों ने समाधान सुझाए हैं —
——————————————–
आलू को तलते समय “गरम मसाला महामंत्र” का जाप।
चिकन पकाते वक्त हल्दी चढ़ाकर शांति हवन।
दोनों को अंत में एक ही कढ़ाही में मिलाते समय नींबू निचोड़कर “स्वाद योग” बनाना।
जनता का फैसला
————————-
हालांकि जनता ने ज्योतिषीय चेतावनियों को सिरे से खारिज करते हुए कहा —
“गुण चाहे 6 हों या 36, पेट को जो भाए वही सबसे बड़ा मेल है।”
