
विजयादशमी पर राजकिशोर नगर स्थित दुर्गा पंडाल में राजीव विहार दुर्गोत्सव समिति के आयोजन में बंगाली समाज की महिलाओं ने परंपरागत सिंदूर खेला की रस्म अदा की। लाल-सफेद परिधानों में सजी विवाहित महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर सुहाग की लंबी आयु का आशीर्वाद मांगा और फिर एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर शंख-ढाक की गूंज और जयकारों के बीच पूरा माहौल आस्था और भावनाओं से सराबोर हो गया। देवी की विदाई के इन क्षणों में पंडाल रंग और रौनक से निखर उठा। समिति ने बताया कि यह रस्म माता दुर्गा के प्रति आस्था और समर्पण का प्रतीक है, यह सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा देता है।
