बैम्बू पोस्ट 25 नवम्बर 2026 बिलासपुर।
“तेरा जाना, दिल के अरमानों का लुट जाना…”
शायर कहते हैं—
“यूँ तो सदा के लिए इस शहर में आता कोई नहीं,
पर तुम गए जिस तरह से, वैसे कोई जाता भी नहीं।”
कालीचरण जी चले गए, लम्बी पारी खेलकर गए। इतनी लम्बी पारी खेलना कोई आसान बात नहीं। लेकिन जो आता है उसे जाना ही होता है—
“आया है सो जायेगा राजा-रंक-फकीर”
कुछ लोग अच्छा कर जाते हैं, लोग उन्हें याद करते हैं।
यदि गुणा-भाग किया जाए तो यह समझ में आता है कि 34-35 वर्ष के एक युवा ने बड़ा ही कठिन कार्य हाथ में लिया— 5 किलो मेंढक को तराजू में तौलने जैसा काम, बहुत सारे मरकनहे बैलों को नाथने जैसा काम। अर्थात विभिन्न शाखा-प्रशाखा में बँटे राऊतों को एकजुट करने और एक छतरी के नीचे लाने का काम। आज से लगभग 48-50 साल पहले जब संचार और यातायात के साधन अत्यल्प थे, सन्देश भेजने के लिए संवदिया का सहारा लेना पड़ता था या फिर पारम्परिक डाक-तार विभाग था, जिसके लिए काका हाथरसी कहते हैं—
“अजब है यह डाक के डाकू, करें क्या तारीफ़ इनकी,
दिवाली पर दिया था, पर पहुँचा तार होली में…”
ऐसे दौर में अपनी शिक्षक की नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भी पता नहीं कैसे समय निकालकर राऊत समाज के लोगों से निरन्तर सम्पर्क-सम्बन्ध बनाए रखना तथा साल भर राऊत नाच महोत्सव और ‘मड़ई’ पत्रिका के लिए लगे रहना आसान बात नहीं थी। एक-एक गाँव में जाने कितने नाचा दल और कितने दलदल— उन दलों के बीच आपसी मतभेद, मनमुटाव व मारपीट। दूसरे गाँव-देहात के दलों के साथ लट्ठबाजी और बदला निकालने का समय यही— मतराही, काछन चढ़ना और राऊत नाचा होता था। समाज के पतन का भी यही कारण था और विभिन्न अपराधों को बढ़ाने का भी यही कारण। ऐसे में राऊत समाज की असीम, अपरिमित और बिखरी ऊर्जा को सकारात्मक एवं कलात्मक रूप देने के लिए जब बहुत कम संसाधनों के साथ कालीचरण जी निकले होंगे, तो उनका स्वागत तो नहीं हुआ होगा। परन्तु वे लगे रहे और इस काम में उन्हें सफलता भी मिली।
“मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंज़िल मगर,
लोग आते गए और कारवाँ बनता गया।”
तुलसीदास जी कहते हैं—
“जैसी हो भवतव्यता, तैसो मिलै सहाय…”
“जेहि के जेहि पर सत्य सनेहू, सो तेहि मिलइ न कछु संदेहू।”
राऊत नाच महोत्सव आज विशाल वट वृक्ष के रूप में यदि दिखाई दे रहा है, तो उसमें जाने कितने लोगों की भूमिका है। बहुत सारे लोग तो कभी सामने आए ही नहीं; पर्दे के पीछे, फोकस से परे रहने वालों को यह भी नहीं मालूम था कि वे कोई बड़ा काम कर रहे हैं। जिस तरह रामसेतु बना तो सबकी भागीदारी थी, उसी तरह समाज के असंख्य लोगों की भागीदारी से यह आयोजन लोक कला महोत्सव का रूप लेकर लोक में प्रतिष्ठित हुआ। बहुत सारे लोग हैं जिन्होंने इस लोक कला के विस्तार के लिए अपना तन-मन-धन समर्पित किया।
लोक के साथ दिक्कत यह होती है कि वह आम के पत्तों के बीच छुपी कैरी की तरह संकोच के साथ छुपा-सा रहता है, सामने आने से कतराता है— ओस की उस बूँद की तरह जो अलसभोर के अंधेरे-उजाले के धुंधलके में तो मोती की तरह दमकती है, पर सूरज के प्रकट होने पर लुप्त हो जाती है।
कहा गया है— “लोके च वेदे च” अर्थात जो लोक में है, वही वेद में है। मतलब लोक पहले आया और वेद अर्थात शास्त्र बाद में। इन अर्थों में देखा जाए तो राऊत नाच लोक कला है, जिसने अपना विस्तार किया है और आज वह एक स्थापित नृत्य कला के रूप में प्रतिष्ठित है। कोई कला प्रारंभ में एक की हो सकती है, लेकिन जब वह लोकार्पित हो जाती है तो समूह अथवा जन की हो जाती है। इस तरह राऊत नाच का लोकव्यापीकरण हो चुका है। राऊत नाच अब गाँव-देहात की सीमा में सिमटा नाच नहीं है; वह गाँव-देहात, जिला और राज्य की सीमा पार कर राष्ट्र और उसके आगे तक अपनी पहचान बना चुका है। अब वह केवल एक जाति समूह का नृत्य मात्र नहीं, बल्कि अनेक भाषाओं और जाति-वर्गों का नृत्य हो चुका है। लोग इस नृत्य की साधना कर रहे हैं, इसके विभिन्न आयामों पर लोगों के अपने शोध हैं, अपनी मान्यताएँ हैं। एक शब्द में कहा जाए तो अब यह सिर्फ़ राऊत जाति का नृत्य नहीं रह गया है, यह समष्टि का नृत्य हो चुका है।
प्राचीन काल में कोई भी व्यक्ति किसी कला, ज्ञान, खोज या शोध पर अपना एकाधिकार नहीं मानता था और वह उसे लोक को ही समर्पित करता था। इसी तरह के समर्पण से समाज समृद्ध हुआ। सुआ, करमा, ददरिया, सैला, पण्डवानी, भरथरी, नाचा, गम्मत— ये सब कलाएँ समाज को समृद्ध करने वाली कलाएँ हैं।
कलाकार वी.वी. रमणा ‘किरण’ अर्थात वेदुला व्यंकट रमणा ‘किरण’ कहते हैं कि कोई कला, ज्ञान या विधा किसी न किसी समय अकेली होती है, परंतु जब समाज उसे स्वीकार कर लेता है तो वह समाज की हो जाती है। इन्हीं अर्थों में सामाजिक स्वीकार्यता की बात करते हुए वे कहते हैं कि ‘इण्डिया टुडे’ जैसी पत्रिकाओं ने इस नृत्य को अपने अंकों में स्थान दिया है, इसकी ख्याति दूर-दूर तक फैल गई है, इसे सरकारी सहायता भी मिलती है और चंदा भी किया जाता है। यदि यह केवल एक जाति समूह का नृत्य होता, तो फिर इसे अपने निजी भवन में निजी तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए था। इन बातों के परिप्रेक्ष्य में देखने पर स्पष्ट होता है कि राऊत नाच एक बहुआयामी संगीत कला है। इसमें संगीत के तीनों रूप— गायन, वादन और नृत्य दिखाई पड़ते हैं। निरंतर परिमार्जन से यह कला निखर रही है और इसका लोक-मंगलकारी स्वरूप सामने आ रहा है। ऐसे में इस आयोजन को स्थगित करना लोक-अपराध की श्रेणी में आ सकता है। लोक के रंजन को रोकना, कला की धारा को सुखाना या मोड़ने का प्रयास करना अनुचित ही कहा जाएगा।
कुछ और लोगों का मानना है कि जिनकी दृष्टि में दोष होता है, वे हर अच्छे कार्य में भी दोष ढूँढ लेते हैं। लोगों ने यह मान लिया कि स्वर्गीय बी. यादव के सहयोग से होने वाले उत्सव में कांग्रेस को लाभ है, इस वजह से वे मौका ढूँढ रहे थे कि कब इस आयोजन के पर कतरे जाएँ और कालीचरण जी यादव के स्वर्गवास होने पर उन्हें यह मौका मिल गया। जिस व्यक्ति ने एक बीज बोया और उसे फलदार वृक्ष बना दिया, आज उनके न होने पर यह कहना कि आयोजन को रोककर हम उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं— क्या वेदों में भी इस बात की स्वीकृति है?
कहते हैं— “सिकहर के टूटती और बिलैया के झपटती।” कालीचरण जी की चिता की आग बुझी भी नहीं और उन्हीं का नाम लेकर समाज के तथाकथित पुरोधा लोगों ने उत्सव को ही निरस्त कर दिया। उन्हें यह समझ में नहीं आया कि जिस व्यक्ति ने एक बीज को विशाल वट वृक्ष में बदल दिया, उनके न रहने से उस वृक्ष को ही नुकसान पहुँचाना कैसे उचित कहा जा सकता है?
वैदिक पण्डित नटवरलाल के अनुसार यज्ञ प्रारम्भ होने के पश्चात सूतक नहीं लगता, विवाह कार्य प्रारम्भ होने के पश्चात विवाह कर्म नहीं रुकते, श्रीमद्भागवत में बैठे हुए यजमान को सूतक नहीं लगता और तीर्थ यात्री को सूतक नहीं लगता। इस क्रम में, लोक कला महोत्सव रूपी यज्ञ अपने अन्तिम चरण में है— सारी तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं, निमन्त्रण पत्र बाँटे जा चुके हैं और गड़वा बाजा की धुन पर गाँव-गाँव में नृत्य जारी है। ऐसे में आयोजन को निरस्त करने का न तो कोई वैदिक प्रमाण मिलता है और न ही लौकिक प्रमाण उपलब्ध है।
ऐसा करने वाले यह भी नहीं सोच रहे हैं कि कितने लोगों को इससे आर्थिक नुकसान होगा। गंड़वा बाजा वालों की साल भर की कमाई को खत्म कर देना कैसे उचित है? और जिन यादव राऊत वीरों ने साल भर से इस उत्सव की प्रतीक्षा में अपना समय गुजारा है, उन लोगों को कैसा लगेगा? मज़े की बात यह है कि नाच के अतिरिक्त अन्य कार्यक्रम होने की स्वीकृति दी गई है और मंगला सहित अन्य जगहों पर यह महोत्सव के रूप में मनाया ही जा रहा है। अंचल के गाँवों के भीतर गंड़वा बाजा बजेगा, नाच होगा— नाच सिर्फ़ वहाँ नहीं होगा जहाँ वह महोत्सव के रूप में होता आया है। यह हठधर्मिता ठीक नहीं है और इस पर सभी को सोचना होगा। क्या एक सुन्दर, प्रतिष्ठित आयोजन कुछ लोगों की हठधर्मिता की भेंट चढ़ जायेगा? यह सवाल है और बड़ा सवाल है।
कहते हैं—
“जहाँ राम रामायण,
तहाँ कुकर कटायन।”
कहते हैं— “नज़र चूकी और माल यारों का।” लोग घात लगाए बैठे रहते हैं कि कब नज़र चूके और माल लेकर रफ़ा-दफ़ा हो जाएँ।
वैसे ही लोग अभी इस महोत्सव में, इस यज्ञ में विघ्न डालने के लिए उपस्थित हो रहे हैं। देखते हैं वे अपने इस कार्य में कितने सफल या असफल होते हैं। उनकी सफलता समाज की असफलता है और उनकी असफलता समाज की सफलता है।
