
बैम्बू पोस्ट 19/11/2026 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सुशिक्षित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ ने जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की लंबित समस्याओं का निराकरण तथा मांगों की पूर्ति नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। संघ द्वारा जिला प्रशासन को सौंपे गए सूचना पत्र में तीन दिवसीय जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन के प्रथम चरण की जानकारी दी गई है। यह प्रदर्शन 17 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक निर्धारित है।
संघ ने आंदोलन के द्वितीय चरण में 11 एवं 12 दिसंबर 2026 को दो दिवसीय प्रांतीय महापड़ाव आयोजित करने की सूचना भी दी है।
संघ का कहना है कि लंबे समय से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए शासन-प्रशासन से आग्रह करती आ रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में चरणबद्ध ध्यानाकर्षण धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है।
संघ ने चेतावनी दी है कि इन प्रदर्शनों के बाद भी मांगों की पूर्ति और समस्याओं का निराकरण शीघ्र नहीं किया गया तो प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगी। इसकी समस्त जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी। आंदोलन के दौरान साउंड सिस्टम का उपयोग भी किया जाएगा।
संघ की प्रमुख मांगें
संघ ने शासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी हैं।
• आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को नियमित किया जाए। नियमितीकरण होने तक कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 30,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए।
• आयु सीमा में छूट प्रदान करते हुए 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर बिना परीक्षा तत्काल 50 प्रतिशत पदोन्नति कार्यकर्ताओं को दी जाए। साथ ही सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति प्रदान की जाए।
• सेवा समाप्ति के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाए।
• पोषण ट्रैकर एवं अन्य विभागीय एप पर कार्य करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाला 5जी मोबाइल उपलब्ध कराया जाए तथा वर्तमान में दिए जा रहे इंटरनेट खर्च में वृद्धि कर 500 रुपये प्रतिमाह किया जाए।
संघ ने जिला कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस अधीक्षक तथा समस्त परियोजना अधिकारियों को सूचना प्रेषित कर मांगों का शीघ्र निराकरण करने की अपील की है।
नियमितीकरण सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का आंदोलन 19 नवंबर तक जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन, दिसंबर में प्रदेश स्तरीय महापड़ाव की चेतावनी
