संविधान में आस्था से सशक्त होता भारत : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय”

Spread the love

बैम्बू पोस्ट 26 नवंबर 2025 रायपुर/
संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले— “विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत, संविधान में आस्था रखकर निरंतर आगे बढ़ रहा है”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 75वें संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के टाउन हॉल में आयोजित “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री सहित बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र की आत्मा बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो संविधान की मूल भावना—स्वतंत्रता, समानता और न्याय—की शक्ति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपने विचार रखने का पूर्ण अधिकार प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों का विधायक और सांसद जैसे संवैधानिक पदों पर पहुँचना, संविधान की उदार व समावेशी व्यवस्था की देन है। इस अवसर पर उन्होंने संविधान निर्मात्री सभा के सदस्यों के योगदान को स्मरण करते हुए विशेष तौर पर छत्तीसगढ़ से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधियों की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह भागीदारी राज्य के लिए गौरव का विषय है और यह भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा संविधान आधारित लघु फिल्म भी देखी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ सेल्फी लेकर इस अवसर को यादगार बनाया।

इस अवसर पर विधायक श्री राजेश मूणत, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विधायक श्री सुनील सोनी, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *