108 जप, 27 दिन और शादी कन्फर्म? सोशल मीडिया का नया वैवाहिक स्टार्टअप!”

Spread the love


बैम्बू पोस्ट 12 जुलाई 2026 बिलासपुर।
आजकल सोशल मीडिया पर रीलों की दुनिया में एक नया ट्रेंड छाया हुआ है। जिम, जॉब और जीवनसाथी—तीनों की गारंटी अब कुछ सेकंड की रीलों में मिलने लगी है। ताज़ा वायरल सामग्री है कात्यायनी महामंत्र, जिसे कुछ इन्फ्लुएंसर ऐसे पेश कर रहे हैं मानो यह “शादी फास्ट-ट्रैक योजना” हो।
वायरल पोस्टों में दावा किया जा रहा है कि सुबह हल्दी का तिलक लगाइए, 27 दिन तक 108 बार मंत्र जप कीजिए और फिर बारात की तैयारी शुरू कर दीजिए। मानो रिश्तेदार नहीं, सीधे एल्गोरिदम वर-वधू की तलाश में निकल पड़े हों।
उधर युवा भी पूरे उत्साह से कमेंट कर रहे हैं—
“पहला दिन पूरा, अब सिर्फ 26 दिन और!”
“मंत्र शुरू कर दिया है, अब मम्मी ने मैट्रिमोनियल बंद कर दिया।”
“अगर शादी नहीं हुई तो क्या 27 दिन की EMI वापस मिलेगी?”
सोशल मीडिया के ज्ञानियों का कहना है कि अब कुंडली मिलाने से ज़्यादा ज़रूरी है रील मिलाना। जिस मंत्र पर सदियों से श्रद्धा और आस्था के साथ साधना की बात कही जाती रही, उसे आजकल “वन-मंथ मैरिज चैलेंज” बना दिया गया है।
धर्म और अध्यात्म के जानकारों का कहना है कि किसी भी मंत्र या व्रत का उद्देश्य आत्मिक साधना, श्रद्धा और अनुशासन है, न कि उसे त्वरित परिणाम देने वाले फ़ॉर्मूले की तरह प्रचारित करना। केवल वायरल पोस्ट देखकर किसी दावे को अंतिम सत्य मान लेना उचित नहीं है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर स्थिति यह है कि एक तरफ़ लोग 108 बार मंत्र जप रहे हैं, दूसरी तरफ़ रिश्तेदार 1008 बार पूछ रहे हैं—”बेटा, शादी कब कर रहे हो?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *